चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित गुदड़ी थाना क्षेत्र में डायन बिसाही के संदेह में एक वृद्ध दंपत्ति की हत्या कर शव नदी में फेंकने का मामला सामने आया है. घटना बुधवार की बताई जा रही है, लेकिन घर में अन्य सदस्य नहीं होने के कारण इसकी सूचना पुलिस को देर से मिली.

रविवार को गुदड़ी बाजार के पास निर्माणाधीन पुलिया के पास नदी से वृद्ध महिला का शव बरामद किया गया. उसके गले और सिर पर धारदार हथियार से हमला करने के निशान मिले हैं. घटनास्थल से पुलिस ने एक कुल्हाड़ी भी जब्त की. महिला के पति का शव अब तक नहीं मिला है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
पुलिस के अनुसार हत्या की वजह डायन बिसाही का संदेह या जमीन विवाद हो सकता है. मामले में रविवार को पुलिस ने एक नाबालिग सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों में कमरगांव निवासी बिरसा बरजो, सेगो बरजो, लोकनाथ बरजो और एक नाबालिग शामिल हैं. चारों के खिलाफ डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस कांड का खुलासा पोड़ाहाट चक्रधरपुर के एसडीपीओ शिवम प्रकाश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने किया.

