जमशेदपुर: स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल के दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर गुरुवार को परिवर्तन निदेशालय ईडी ने दबिश दी है. यह छापेमारी 750 करोड़ के जीएसटी घोटाले से संबंधित बताई जा रही है. ईडी की टीम जायसवाल के रांची, कोलकाता मुंबई और जमशेदपुर के ठिकानों पर गुरुवार सुबह से ही सर्वे कर रही है.

मालूम हो कि इससे पूर्व भी ज्ञान चंद जायसवाल को ईडी ने इस मामले में जेल भेजा था. यह दूसरे दौर की कार्रवाई है. जमशेदपुर में सर्किट हाउस एरिया, बिष्टुपुर, जुगसलाई आदित्यपुर समेत अन्य स्थानों पर छापेमारी चल रही है. इसके अलावा रांची के पीपी कंपाउंड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट के एक फ्लैट के अलावा 6 स्थानों पर ईडी की छापेमारी चल रही है. बता दें कि इससे पहले ईडी ने शिवकुमार देवड़ा और अमित अग्रवाल उर्फ विक्की भालोटिया को इस मामले में गिरफ्तार किया था. इन लोगों से हुई पूछताछ के दौरान जीएसटी घोटाले में फर्जी बिल बनाकर सरकार को नुकसान पहुंचाने का मामला प्रकाश में आया साथ ही अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली थी. ईडी को पूछताछ में पता चला कि बगैर सामग्रियों की खरीद बिक्री किए ही कई व्यापार दिखाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट का अनुचित लाभ उठाया गया. इस धंधे में और भी लोगों के भी शामिल होने की जानकारी ईडी को मिली है. इन सूचनाओं की प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद ईडी ने जीएसटी घोटाले में दूसरे दौर की छापेमारी शुरू की है.

