चाईबासा/ Jayant Pramanik झारखंड- ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों ने एक बार फिर कायराना हरकत को अंजाम दिया है. आपको बता दें कि करमपदा- रेंगड़ा रेल मार्ग पर नक्सलियों ने दो स्थानों पर आईईडी लगा रखा था. एक आईईडी को विस्फोट कर रेल पटरी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. इस धमाके के बाद से इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है.

रविवार सुबह करीब 9:30 बजे की- मैन की ओर से रेलवे ट्रैक की पेट्रोलिंग की जा रही थी. इसी दौरान पेट्रोलिंग कर रहे एतवा उरांव और बुधराम मुंडा नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आ गए. विस्फोट में एतवा उरांव के दोनों पैर उड़ गए. घटना स्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
वहीं पीछे चल रहे बुधराम मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
घायल गनमैन को आनन- फानन में राउरकेला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना की पुष्टि वरिष्ठ मंडल आयुक्त पी. शंकर कुट्टी ने की है.
वहीं ओडिशा सरकार ने मृतक के आश्रितों को दस लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है. रेल सुरक्षा बल, पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. मालूम हो कि नक्सलियों ने पांच राज्यों में बंद का ऐलान किया है. पहले दिन ही नक्सलियों ने अपने मंसूबे प्रदर्शित कर दिए हैं जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा बल अलर्ट मोड पर आ गई है.

