जमशेदपुर/ Afroz Mallik जुगसलाई क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा को लेकर दो प्रतिष्ठानों में शुक्रवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. यह मॉक ड्रिल HP गैस गोदाम और राजस्थान सेवा सदन अस्पताल में आयोजित की गई. इसका उद्देश्य अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपात स्थिति में कर्मचारियों की तत्परता सुनिश्चित करना था.

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग और सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. अग्निशमन दल द्वारा मौके पर ही डेमो किया गया, जिसमें कर्मचारियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया. इस प्रशिक्षण के जरिए बताया गया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सजग रहते हुए कैसे प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है.
इस प्रकार की मॉक ड्रिल न केवल संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाती है, बल्कि कर्मचारियों में आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता भी विकसित करती है. आयोजकों ने कहा कि ऐसे अभ्यास भविष्य में भी समय- समय पर आयोजित किए जाएंगे.

