
आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की आदित्यपुर नगर कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिले के उपायुक्त से मुलाकात कर क्षेत्र के दो प्रमुख खेल मैदानों की बदहाल स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने इन मैदानों के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग की.


प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आदित्यपुर का ऐतिहासिक फुटबॉल मैदान, जो कभी युवाओं के लिए खेलकूद का प्रमुख केंद्र था, अब सड़क विस्तार कार्य के चलते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है. मैदान की संरचना पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिससे खेल गतिविधियों का संचालन कठिन होता जा रहा है.
इसी तरह, आदित्यपुर-2 स्थित आरआईटी थाना के पास का जागृति मैदान भी अतिक्रमण की चपेट में आ गया है. मैदान की स्थिति दिन- प्रतिदिन खराब होती जा रही है, जिससे बच्चों और युवाओं के खेलने के अवसर सीमित हो गए हैं.
ज्ञापन में मांग की गई है कि आदित्यपुर फुटबॉल मैदान का पुनर्निर्माण करते हुए उसका समतलीकरण और सौंदर्यीकरण कराया जाए. साथ ही चारदीवारी का निर्माण कर उसे सुरक्षित किया जाए. जागृति मैदान की भी सुरक्षा हेतु चारदीवारी बनाई जाए और उसका समुचित सौंदर्यीकरण किया जाए, ताकि अतिक्रमण से बचाया जा सके.
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र के युवाओं को सुरक्षित और सुचारु खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएं.
इस अवसर पर नगर कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान, उपाध्यक्ष राजेश लाहा, लालबाबू सरदार, वीरेंद्र गुप्ता, बिसु हेंब्रम, अमृत महतो, गोरा वर्मा, राजू सरदार, बंसीलाल सरदार, विनोद वर्मा, शंभू आचार्य, प्रकाश सरदार और धीरेन सोरेन सहित कई सदस्य उपस्थित थे.






