आदित्यपुर: केंद्रीय मंत्री और कोडरमा से सांसद अन्नपूर्णा देवी गुरुवार को सरायकेला दौरे पर आदित्यपुर पहुंची. जहां उन्होंने आपातकाल के 50 वर्ष पूरा होने पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. वहीं मीडिया से बातचीत के क्रम में केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस और झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा.

उन्होंने कहा जो कांग्रेसी बीजेपी पर संविधान का हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं उन्हें आपातकाल को याद कर लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को पूरे देश को जेल में तब्दील कर दिया था. असल मायने में लोकतंत्र की हत्या उन्होंने ही की थी. आज के युवा पीढ़ी को आपातकाल के काले दौर को जानना बेहद जरूरी है. वहीं केंद्रीय मंत्री ने झारखंड सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया. उन्होंने कहा कि राज्य में हर तरफ भय और भ्रष्टाचार का माहौल कायम है. राज्य के सरकारी कार्यालय से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है. ना तो महिलाएं सुरक्षित हैं ना बेटियां सुरक्षित हैं. मैया सम्मान योजना को उन्होंने चुनावी जुमला करार दिया. मौके पर जिला अध्यक्ष उदय सिंह देव, आदित्यपुर नगर परिषद के निवर्तमान डिप्टी मेयर अमित सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता जटाशंकर पांडे, सुनील श्रीवास्तव आदि मौजूद थे.

