आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के नए प्रशासनिक भवन का सोमवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उद्घाटन किया. इस मौके पर नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरपर्सन मदन मोहन सिंह नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल बिहटा पटना के डायरेक्टर डॉक्टर कृष्ण मुरारी सहित अस्पताल एवं नेताजी ग्रुप के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे.

मीडिया से बातचीत के क्रम में केंद्रीय मंत्री ने नेताजी सुभाष ग्रुप द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जमकर सराहना की और चेयरपर्सन मदन मोहन सिंह को शिक्षा का विकास पुरुष बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हर साल मेडिकल के सीट बढ़ाए जा रहे हैं. तत्कालीन यूपीए सरकार की तुलना में अब मेडिकल के छात्रों की सीटों की संख्या दोगुनी हो गई है. नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में भी मेडिकल के छात्रों की पढ़ाई होगी और यहां बच्चों को बेहतर और गुणवत्ता युक्त शिक्षा मिलेगी. यह देखना अच्छा लग रहा है कि कोल्हान की धरती पर भी एक खूबसूरत और अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निर्माण हुआ है जो मेडिकल के शिक्षा में एक नई क्रांति लाएगी.
बिहार की राजनीति पर
वहीं बिहार की राजनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर निशाना साधा और कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है क्योंकि बिहार के लोगों ने “गब्बर” राज देखा है. अब उनके परिवार की भी एंट्री हो चुकी है. ऐसे में बिहार की जनता दोबारा फिर से गलती नहीं करेगी.

झारखंड की राजनीति पर
इधर झारखंड की राजनीति पर केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा और बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर पीछे प्रहार किये. उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए झारखंड सरकार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को पराश्रय दिया है जो आने वाले समय में यहां के आदिवासियों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बंगाल के तर्ज पर झारखंड को ले जाना चाह रहे हैं जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बंगाल को बांग्लादेश बनाने जा रही है. समय रहते झारखंड की जनता को समझना होगा.

पार्टी के सवाल पर
वही झारखंड में बीजेपी की भूमिका के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने नपे- तुले लहजे में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. इसमें नेता या चेहरा बड़ा नहीं होता. इसमें पार्टी बड़ी होती है. झारखंड में बीजेपी एक बार फिर से वापसी करेगी. प्रदेश अध्यक्ष के सवाल पर उन्होंने चुप्पी साध ली. वहीं झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा उठाए गए घुसपैठ के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह एक एजेंडा है. पार्टी इसपर अभी भी कायम है. पार्टी के सभी बड़े नेता इस मुद्दे पर बात कर रहे हैं. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन द्वारा लगातार घुसपैठ के मुद्दे पर उठाए जा रहे सवाल की सराहना की और कहा कि उन्होंने समय रहते इस मुद्दे को भांप लिया और अब वह हमारी पार्टी के अंग है.
राज्य में कपड़ा उद्योग की संभावनाओं पर
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने झारखंड में तसर उत्पादन को लेकर कहा कि झारखंड में तसर उद्योग की असीम संभावनाएं है. इसको लेकर केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय गंभीर है और यहां के तसर किसानों को अत्याधुनिक संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं. रांची के नगड़ी से इसकी शुरुआत की जा चुकी है. एक एकड़ क्षेत्र में इंडोर तसर की शुरुआत की गई है. इसे पूरे राज्य में बढ़ावा दिया जाएगा.
केंद्र सरकार के सवाल पर
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है 2047 में भारत दुनिया का सबसे विकसित राष्ट्र और विश्व गुरु होगा. इसका उन्होंने दावा किया.

