सरायकेला: गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) से संबंधित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का उद्देश्य जिले में CSR प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन, औद्योगिक समूहों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुझाव प्राप्त करना तथा सामाजिक विकास के प्राथमिक क्षेत्रों में सहयोग सुनिश्चित करना था.

उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा- निर्देश
उपायुक्त ने गत वित्तीय वर्ष में कंपनियों द्वारा CSR मद में किए गए व्यय, संचालित योजनाओं तथा आगामी कार्यों की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कौशल विकास, पेयजल एवं वंचित वर्गों के सामाजिक उत्थान जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अधिकतम CSR योगदान सुनिश्चित करने पर बल दिया.
औद्योगिक इकाइयों से संवाद
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने औद्योगिक इकाइयों से संवाद के दौरान कहा कि वे राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भागीदार बनें. उन्होंने एक्स-रे मशीन, ऑपरेशन थिएटर, सोनोग्राफी जैसी चिकित्सीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आधारभूत संरचना के उन्नयन में CSR सहयोग देने का आग्रह किया.
बैठक में इनकी रही मौजूदगी
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ अजय सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार तथा जिले में कार्यरत विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे.

