चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत टुनिया से गोईलकेरा प्रखंड के झीलरुवां तक करीब 3.5 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पिछले एक साल से अधूरा पड़ा हुआ है. सड़क में मेटल बिछाने का काम तो पूरा कर दिया गया, लेकिन उसके बाद कालीकरण नहीं होने से निर्माण कार्य ठप है.

अधूरी सड़क के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर उड़ती धूल से खासकर स्कूली बच्चों और राहगीरों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं. इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है.
रविवार को झीलरुवां में ग्रामीण मुंडा सुखमती कोड़ा की अध्यक्षता में ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रखंड प्रमुख नीरूमणि कोड़ा, बिला पंचायत की मुखिया लादगु केराई, आराहासा पंचायत की मुखिया जोंकों अंगरिया, कायदा पंचायत की मुखिया सोमबारी बहांदा और समाजसेवी बाबूलाल कोड़ा समेत कई लोग मौजूद रहे.
बैठक में अधूरी सड़क निर्माण से उत्पन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग को लेकर संबंधित विभाग को अल्टीमेटम दिया जाएगा. इसके तहत एक मांगपत्र तैयार कर विभाग को सौंपने का निर्णय लिया गया.
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 मई तक सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाते हुए संबंधित विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे.

