चाईबासा: चाईबासा में वेस्ट सिंहभूम डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आईपीएल की तर्ज पर वेस्ट सिंहभूम टी-20 लीग का आयोजन किया जाएगा. आगामी 22 सितंबर से शुरू होने वाली इस लीग की ट्रॉफी का मंगलवार को चाईबासा स्थित सैफरॉन सुईट्स होटल के सभागार में अनावरण किया गया.


ट्रॉफी का अनावरण जेएससीए के सचिव एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने किया. इस दौरान लीग के आयोजन को लेकर तैयारियों की जानकारी भी साझा की गई.
वेस्ट सिंहभूम टी-20 लीग में जिले की छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी. इनमें चाईबासा चैलेंजर्स, चक्रधरपुर रॉयल्स, कोल्हान किंग्स, सारंडा वॉरियर्स, जगन्नाथपुर टाइगर्स और मनोहरपुर लायंस शामिल हैं. लीग में आईपीएल में खेल चुके छह खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे.
मौके पर सौरभ तिवारी और उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि इस तरह की लीग के आयोजन से पश्चिमी सिंहभूम और कोल्हान क्षेत्र के क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलेगा. इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी और बड़े स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर भी प्राप्त होगा.
आयोजकों ने बताया कि वेस्ट सिंहभूम टी-20 लीग को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है. लीग के माध्यम से जिले में क्रिकेट को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास किया जाएगा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

