
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-लोंजो मुख्य ग्रामीण सड़क की बदहाल स्थिति बरसात में लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. सोनापोस के पास सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. कई जगह बड़े- बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है. जबकि कई हिस्सों में सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है.


इस सड़क से प्रतिदिन गुजरने वाले स्कूली बच्चों, साइकिल सवारों और ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए हर दिन दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी फिसलने और गिरने का डर सताता रहता है.

यह सड़क गोलमुंडा, लोंजो और पोड़ाहाट पंचायत के दर्जनों गांवों को जोड़ती है. इसी मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीण सोनुआ बाजार और सैकड़ों छात्र-छात्राएं स्कूल आते-जाते हैं.
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते इस मार्ग की स्थिति नहीं सुधारी गई तो बरसात के दिनों में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





