चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उंधन गांव में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां बारातियों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट नीचे खेत में जा गिरा. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मृतकों की पहचान बारंगा निवासी रोहन गोप (12) और गोपीपुर निवासी दशरथ सरदार (25) के रूप में हुई है. वहीं घायलों में गोपीपुर गांव के सूरज महतो (22), शिशुपाल मोदी (26) और राहुल गोप (20) शामिल हैं. इसके अलावा बारंगा गांव के गोपी मोदी (18), सौरभ लोहार (16) तथा मेदासाई गांव निवासी सुरेश गोप (48) घायल हुए हैं. मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन संख्या जेएच- 06सी/7345 बारंगा गांव से बारातियों को लेकर आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव गया था.

बारात से लौटने के दौरान उंधन गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खेत में पलट गया. बताया जा रहा है कि वाहन में साउंड सिस्टम का सामान भी लदा हुआ था. घटना के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. इधर हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
Report By Jayant Pramanik



