रामगढ़: जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में सोना-चांदी जैसे दिखने वाले आभूषण बरामद किए हैं. इसकी जानकारी सोमवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.

उल्लेखनीय है कि बीते 21 अप्रैल को रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स दुकान में डकैती की घटना हुई थी. मामले में दुकानदार विष्णु प्रसाद के फर्दबयान के आधार पर रजरप्पा थाना में कांड दर्ज किया गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले चार अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था. उनके पास से लगभग 180 पीस सोना- चांदी जैसे धातु, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, तीन चोरी की बाइक, दो मोबाइल फोन और घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए गए थे.
इसी क्रम में 10 मई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुजू ओपी क्षेत्र के बरकाकटी गांव में छापेमारी की. यहां से सुनामी अंसारी उर्फ तलक और शहवाज हुसैन को गिरफ्तार किया गया. दोनों की निशानदेही पर जमीन में गाड़कर रखे गए सोना और चांदी जैसे धातु के कई जेवर बरामद किए गए. बरामद सामानों में हार, झुमका, चेन, अंगूठी और कंगन सहित कुल 134 पीस जेवर शामिल हैं. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चांदी जैसे धातु का कुल वजन करीब 1350 ग्राम और सोना जैसे धातु का वजन लगभग 49 ग्राम है. उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.



