सरायकेला/ Pramod Singh स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न होटलों में छापामारी की गई. पुलिस ने होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शराब एवं अन्य नशीली पदार्थों के सेवन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए. थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि किसी भी होटल या ढाबे में नशीली वस्तु पाई जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

निरीक्षण के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा और सभी कमरों की तलाशी ली गई, साथ ही ग्राहकों से पूछताछ भी की गई. हालांकि, मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई. थाना प्रभारी ने बताया कि 15 अगस्त को लेकर विशेष चौकसी बरती जा रही है और क्षेत्र के होटलों व सार्वजनिक स्थलों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्वों के समय सुरक्षा इंतज़ाम कड़े रहना आवश्यक है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत तिरुलडीह थाना को दें. इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा और शांति का माहौल कायम है.

