वैशाली/ Arzoo Bakhsh बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और हसनपुर के विधायक तेजप्रताप यादव ने वैशाली जिले के महुआ विधानसभा क्षेत्र के परसौनिया गांव में जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया. इस दौरान उनके समर्थकों और टीम तेजप्रताप यादव के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजप्रताप यादव ने कहा कि अब वह महुआ में बेटा और भाई बनकर आए हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि एक बार मौका दीजिए, महुआ का विकास करके दिखाएंगे. उन्होंने कहा कि महुआ को बिजली फ्री देंगे और युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध कराएंगे.
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि महुआ में कई बहुरूपिए घूम रहे हैं. जब ऐसे लोग रोने लगें तो उन्हें झुनझुना थमा दीजिए, शांत हो जाएंगे. तेजस्वी यादव द्वारा उन्हें ‘अर्जुन’ कहे जाने पर तेजप्रताप यादव ने कहा कि अगर हम अर्जुन हैं, तो तेजस्वी मुरली बजाकर दिखाएं. उन्होंने कहा कि जब वे महुआ से विधायक थे, तब मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और सड़कों का निर्माण कराया.
उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में महुआ को इंजीनियरिंग कॉलेज भी देंगे और इसे जिला बनाने की दिशा में काम करेंगे. उन्होंने स्वीकार किया कि पहले कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा और काम पसंद नहीं आने पर उन्हें महुआ छोड़ना पड़ा. लेकिन अब दोबारा आए हैं, महुआ को चमकाने के कई प्लान लेकर. इस जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और तेजप्रताप यादव की बातों का समर्थन किया.

