गम्हरिया: टाटा लॉन्ग प्रोडक्ट्स से संबंधित कॉलोनी में लंबे समय से कर्मचारियों और कॉलोनीवासियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे पैदल मार्ग को बंद करने के प्रस्ताव पर चल रहा विवाद फिलहाल संवाद के जरिए सुलझता दिखाई दे रहा है. कॉलोनीवासियों की आपत्ति और जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन ने सर्वे कराकर लोगों की राय ली. सर्वे में बहुमत ने रास्ता खुला रखने का समर्थन किया, जिसके बाद प्रबंधन ने पैदल मार्ग खोलने का निर्णय लिया.


इस मामले में 26 सितंबर 2026 को पत्राचार संख्या 59/2026-27 के माध्यम से सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी को कॉलोनीवासियों की आपत्ति से अवगत कराया गया था. इसके बाद प्रबंधन से कॉलोनीवासियों की राय लेकर निर्णय करने का आग्रह किया गया.
नाम, मकान और कर्मचारी आईडी के साथ ली गई राय
प्रबंधन ने एक निर्धारित प्रारूप पर सर्वे कराया. इसमें कॉलोनीवासियों का नाम, मकान संख्या, कर्मचारी आईडी, मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर दर्ज कर यह पूछा गया कि संबंधित पैदल मार्ग को बंद रखा जाए या खुला. बताया गया कि सर्वे में बहुमत ने रास्ते को खुला रखने के पक्ष में राय दी. इसके आधार पर प्रबंधन ने मार्ग खोलने का निर्णय लिया. इससे कर्मचारियों और कॉलोनीवासियों ने राहत जताई है.
शाम 6 से सुबह 6 बजे तक ताला लगाने के प्रस्ताव पर आपत्ति
हालांकि मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा अभी महत्वपूर्ण बनी हुई है. प्रबंधन की ओर से सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक मार्ग पर ताला लगाने का सुझाव दिया गया. कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व कर रहे अजय कुमार शर्मा ने इस समय- सीमा पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि पहले मार्ग रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहता था और उसी व्यवस्था को जारी रखा जाना चाहिए.
उनका कहना था कि कर्मचारियों की ड्यूटी समाप्त होने के बाद कई लोग रात 10:30 से 11 बजे के बीच घर लौटते हैं, जबकि सुबह की ड्यूटी के लिए लगभग 5 से 5:30 बजे से आवागमन शुरू हो जाता है. ऐसे में शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक मार्ग बंद रखने से कर्मचारियों को परेशानी होगी.
उन्होंने विकल्प के रूप में मार्ग पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने और कर्मचारियों के आईडी कार्ड की जांच की व्यवस्था करने का सुझाव दिया. अतिथि के आने पर संबंधित कॉलोनीवासी से मोबाइल पर पुष्टि कर प्रवेश देने का विकल्प भी रखा गया. उनका कहना था कि इससे सुरक्षा और आवागमन दोनों के बीच संतुलन बनाया जा सकता है. विस्तृत विचार-विमर्श के बाद बैठक में पैदल मार्ग को खोलने पर सहमति बनी.
अरुणोदय क्लब का भी किया निरीक्षण
बैठक के दौरान अजय कुमार शर्मा ने अरुणोदय क्लब के संचालन से संबंधित विषय भी प्रबंधन के समक्ष रखा. इसके बाद अधिकारियों ने क्लब का निरीक्षण किया. इस दौरान क्लब के मुखिया अखिलेश भी मौजूद रहे. बैठक का नेतृत्व प्लांट हेड प्रमोद ने किया. प्रबंधन की ओर से एडमिनिस्ट्रेशन हेड महेंद्र सिंह, सिक्योरिटी हेड आकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. कर्मचारियों की ओर से अजय कुमार शर्मा, शैलेश तिवारी, शैलेंद्र सिंह, पवन सिंह तथा टाटा मजदूर यूनियन के उपाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे. अजय कुमार शर्मा ने कॉलोनीवासियों की राय जानने के लिए सर्वे कराने के प्रबंधन के फैसले की सराहना की. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच संवाद तथा आपसी सहमति से समस्याओं का समाधान औद्योगिक संबंधों को मजबूत करता है.

