जमशेदपुर/ Varun Kumar टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 किलो गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी मानी जा रही है. 8 अप्रैल 2026 की रात RPF टीम ने संदेह के आधार पर जांच के दौरान चार आरोपियों को पकड़ा. गिरफ्तार तस्करों की पहचान अजय कुमार, रवि कुमार उर्फ बेंगा, मोहित कुमार सिंह और राजा सोनार के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया क्षेत्र के निवासी हैं और ओडिशा के विभिन्न इलाकों से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे. यहां से वे गोरखपुर और बेतिया जाने की तैयारी में थे.

जांच में तस्करी का अनोखा तरीका भी सामने आया है. आरोपी 50 किलो के प्लास्टिक बोरे के बीच में गांजा रखकर उसके चारों तरफ और ऊपर-नीचे सोयाबीन बड़ी भर देते थे, ताकि किसी को शक न हो सके. यह पूरी कार्रवाई RPF पोस्ट के कमांडर राकेश मोहन के नेतृत्व में की गई. टीम की सतर्कता से इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की तस्करी को समय रहते रोक लिया गया. फिलहाल सभी आरोपियों को रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश जारी है.

