जमशेदपुर/ Afroz Mallik टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल उड़नदस्ता दल, चक्रधरपुर मंडल तथा जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 किलो अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रेल जमशेदपुर के नेतृत्व में की गई. अधिकारियों के अनुसार पकड़ा गया तस्कर उड़ीसा के जरपाड़ा रेलवे स्टेशन से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचा था और वहां से बस के माध्यम से इसे डाल्टनगंज ले जाने की योजना बना रहा था.

संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेरकर धर दबोचा. आरोपी की पहचान हरिहरगंज, पलामू निवासी उदय कुमार उर्फ मंटू के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके बैग से 17 किलो गांजा बरामद हुआ. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है और यह खेप डाल्टनगंज में सप्लाई की जानी थी.
टीम ने मौके पर गांजा को जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है. पुलिस उससे जुड़े नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा को और सख्त कर दिया गया है.

