
जामताड़ा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की शुरुआत की जा रही है. इस संबंध में शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उपायुक्त आलोक कुमार ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी.


उपायुक्त ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे. मतदाताओं को यह प्रपत्र भरकर उस पर नवीनतम फोटो चिपकाते हुए हस्ताक्षर सहित संबंधित बीएलओ को जमा करना होगा. इस चरण में किसी भी मतदाता से कोई दस्तावेज नहीं लिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जाएगा. इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी. प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 3 अक्टूबर तक किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी.
उपायुक्त ने बताया कि मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद जिले में 35 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इसके साथ ही जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 801 हो गई है. इन केंद्रों पर 801 बीएलओ, 79 बीएलओ पर्यवेक्षक तथा 801 स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 88.75 प्रतिशत मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है. जिन मतदाताओं का नाम पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी. जबकि जिनका नाम पूर्व सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-प्रमाणित प्रति जमा करनी होगी. वहीं नए पात्र मतदाताओं को प्रपत्र-6 भरकर आवेदन करना होगा.
उपायुक्त ने बताया कि 30 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक #झारखंड_एसआईआर हैशटैग के साथ सोशल मीडिया जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. इसके अलावा सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं एवं चुनाव पाठशाला के साथ बैठक करेंगे.
उपायुक्त आलोक कुमार ने मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अभियान की सही जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय सहयोग करें.
प्रेस वार्ता में उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






