चाईबासा: सोनुआ रेलवे स्टेशन के समीप बीती रात एक दर्दनाक हादसे में युवक और युवती की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों शवों को रेलवे ट्रैक से बरामद किया.

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को रेलवे ट्रैक किनारे एक लावारिस बैग मिला. बैग की तलाशी लेने पर उसमें कपड़े और तीन अलग-अलग रूट के ट्रेन टिकट बरामद हुए. टिकटों में सोनुआ से राउरकेला, राउरकेला से पुरी और टाटा से चक्रधरपुर तक की यात्रा दर्ज पाई गई.
इसके अलावा मृतक युवक की पैंट की जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जो स्विच ऑफ था. पुलिस ने मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर जांच शुरू की, जिसके बाद मृतकों की पहचान भालूरूंगी निवासी अर्जुन महतो और खुशबू महतो के रूप में हुई.
जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



