सरायकेला: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को राजनगर थाना परिसर में थाना प्रभारी विपुल ओझा की अध्यक्षता में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में सरायकेला इंस्पेक्टर संजय प्रसाद, विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, शांति समिति के सदस्य तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

बैठक में बकरीद पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, साफ-सफाई, बिजली-पानी की व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर रोक लगाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने, सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
थाना प्रभारी विपुल ओझा ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और त्याग का पर्व है. राजनगर क्षेत्र में सभी समुदायों के लोग वर्षों से मिल-जुलकर इस पर्व को मनाते आ रहे हैं और आगे भी इस परंपरा को कायम रखना जरूरी है. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है. थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का भड़काऊ, आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट साझा न करें. किसी भी सूचना की सत्यता जांचे बिना उसे वायरल करने से बचें. यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सरायकेला इंस्पेक्टर संजय प्रसाद ने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासन पूरी तरह चौकस रहेगा. पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी लोग शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मना सकें. उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्य प्रशासन और जनता के बीच मजबूत कड़ी हैं. सभी सदस्यों को क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया. लोगों ने कहा कि राजनगर क्षेत्र हमेशा से भाईचारे और सौहार्द की मिसाल रहा है और आगे भी इस परंपरा को कायम रखा जाएगा.
बैठक के अंत में थाना प्रभारी ने सभी लोगों को बकरीद पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और शांति बनाए रखने की अपील की.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



