चाईबासा: युवा आजसू संगठन को पंचायत और प्रखंड स्तर पर मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से सोनुआ प्रखंड में नई प्रखंड कमिटी का गठन किया गया. युवा आजसू के जिला प्रभारी सह मनोहरपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला प्रधान सचिव चंद्र मोहन सिंकू और केंद्रीय सदस्य अजय महतो की उपस्थिति में कमिटी का गठन किया गया.


बैठक में सर्वसम्मति से बंधन महतो को युवा आजसू सोनुआ प्रखंड अध्यक्ष चुना गया. वहीं सरोज महतो को उपाध्यक्ष, वीरेंद्र रजक को सचिव, राजेश प्रधान को सह सचिव, संदीप कुमार महतो को कोषाध्यक्ष और सुमित महतो को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई.
इसके अलावा राजेश चांपिया, राम नायक, सुखदेव नायक, चंदन नायक, अमित प्रधान, अंजन प्रामाणिक, रिंकू महतो, जन्मजय प्रधान, जगबंधु प्रधान, सुरेश मुंडारी, दिलीप कुमार पूरती, रोहित कुम्हार, सुखनंदन मुंडा, मुचलाय पूरती, कृष्ण बोदरा, रामराई जमुदा, तेजस महतो, अंकित महतो, कृष्ण महतो और कानू मुंडारी को कमिटी का सदस्य चुना गया.
इस अवसर पर युवा आजसू के जिला प्रभारी सह मनोहरपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि युवा किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं. सोनुआ प्रखंड में नई कमिटी के गठन से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी. नई कमिटी युवाओं को संगठन से जोड़ने, उनकी समस्याओं को सामने लाने तथा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगी.
उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों से संगठन के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा युवाओं के बीच संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि युवा आजसू युवाओं के अधिकार, सम्मान, रोजगार, शिक्षा और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है.
बैठक में जिला प्रधान सचिव चंद्र मोहन सिंकू और केंद्रीय सदस्य अजय महतो ने भी नवगठित कमिटी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में नवगठित युवा आजसू सोनुआ प्रखंड कमिटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने तथा युवाओं के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया.
मौके पर मनोज महतो, बाबूलाल कोड़ा, रतनलाल मुंडा, निरंजन बोयपाई समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट : जयंत प्रमाणिक

