सिवान: जिले के महाराजगंज अनुमंडल के दरौंदा थाना क्षेत्र में तैनात एएसआई अनिरुद्ध कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज वारदात में शामिल सात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सिवान एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज के नेतृत्व में गठित एसआईटी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मृतक का मोबाइल, सोने की चैन, अंगूठी और हत्या में प्रयुक्त गड़ासी बरामद कर ली है.


मालूम हो कि मृतक एएसआई अनिरुद्ध कुमार की 29 अक्टूबर की रात गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. जांच में सामने आया कि यह हत्या नर्तकी से जुड़े एक विवाद के कारण की गई. दरौंदा थाना क्षेत्र के सिरसांव नवकाटोला में रहने वाली नर्तकी निहारिका सिंह उर्फ निहारिका खान से मृतक एएसआई की बातचीत को लेकर उसके पति इमरान अंसारी ने आपत्ति जताई थी. इसी बात को लेकर दीपावली के दिन विवाद हुआ और बाद में इमरान ने अपने साथियों के साथ षड्यंत्र रचकर एएसआई को प्रोग्राम दिखाने के बहाने बुलाया और अरहर के खेत में ले जाकर गला रेतकर हत्या कर दी.
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल कुमार यादव, रंजन कुमार श्रीवास्तव, संदीप सिंह, इमरान अंसारी, समीर इद्रीशी, निहारिका सिंह ठाकुर उर्फ निहारिका खान और लक्ष्मी सिंह ठाकुर के रूप में की है. इनमें तीन आरोपी नेपाल के बाके जिले के रहने वाले हैं. पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन किलो गांजा और मृतक का सामान बरामद किया है. इस मामले में दरौंदा थाना कांड संख्या 517/25 दर्ज कर सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
