जामताड़ा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), जामताड़ा द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सशक्तिकरण एवं गरिमा से संबंधित एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जामताड़ा प्रखंड कार्यालय में किया गया. इस अवसर पर 30 दिनों के लिए वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र का भी उद्घाटन किया गया.


जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के अध्यक्ष राधा कृष्ण के मार्गदर्शन एवं सचिव पवन कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न कानूनी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई.
सचिव पवन कुमार ने बताया कि इस सहायता केंद्र का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सहायता, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत उपलब्ध अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों के संबंध में प्रभावी सहयोग प्रदान करना है.
उन्होंने कहा कि केंद्र के माध्यम से भरण-पोषण, उपेक्षा, परित्याग, संपत्ति विवाद, दुर्व्यवहार एवं शोषण जैसी समस्याओं से जूझ रहे वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक कानूनी परामर्श और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
सचिव ने यह भी जानकारी दी कि जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों, वृद्धाश्रमों एवं बैंकों में भी वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं. इन केंद्रों के संचालन एवं सहायता कार्यों के लिए प्रत्येक केंद्र में दो-दो पारा लीगल वालंटियर (PLV) की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेंगे.
इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन, न्याय तक आसान पहुंच तथा उनके अधिकारों के प्रति व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करना है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



