जामताड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है. इसी क्रम में गोराइनाला मंडल अंतर्गत बेवा स्थित आमंत्रण होटल में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक चौपाल आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सोमनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्षों का सफल कार्यकाल पूरा किया है. उन्होंने कहा कि यह अवधि विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रही है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक लाभ पहुंचाया गया है.
निवर्तमान जिला महामंत्री मितेश साह ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 5 जून से 21 जून तक पूरे देश में “मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल” अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
पूर्व जिला उपाध्यक्ष निमाई सेन ने बताया कि अभियान के दौरान विशेष जनसंपर्क अभियान, मीडिया संवाद, जनकल्याण शिविर, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, सभागार बैठकें, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
पूर्व जिला मंत्री सुभाष यादव ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के उद्देश्य से कार्य करने वाला संगठन है. वहीं पूर्व जिला महामंत्री प्रभाष हेम्ब्रम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है.
निवर्तमान जिला सोशल मीडिया प्रभारी मुकेश पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार ने धारा 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेकर राष्ट्रहित और करोड़ों लोगों की आस्था का सम्मान किया है. उन्होंने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिले के सभी 16 मंडलों में 25-25 पौधों का वितरण किया गया है. इस प्रकार जिले में कुल 400 पौधे वितरित किए गए हैं.
इस अवसर पर गोवर्धन मंडल, राजेश यादव, निपेन सिंह, संतोष भोक्ता, चिंतामणि भंडारी, राजन मंडल, संतोष सिंह, प्रेमानंद मोदी, रंजीत यादव, पवन वर्मा, रंजीत राणा, रूपेश सिंह, बासुदेव गोराई, अन्नाहरी पंडित, सीमंत महतो, गुरुपद पंडित, बबलू महतो, निवास यादव, अमर यादव, ब्रजकिशोर सिंह, बिनोद यादव, राहुल देव शर्मा, महेंद्र पंडित, राजेश कुमार, ब्रजलाल चौधरी, उत्तम महतो, फनीनभूषण मंडल, धीरज प्रसाद तथा रामरूप यादव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



