जामताड़ा:ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जामताड़ा पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने बुधवार को नारायणपुर एवं करमाटांड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का दौरा कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान एसपी ने नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर, मुरलीपहाड़ी टीओपी, कमलपुरा, लखनुडीह तथा कोरीडीह-02 समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने मुरलीपहाड़ी टीओपी में उपलब्ध संसाधनों, पुलिस बल की तैनाती एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. साथ ही प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियमित गश्ती करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया.

एसपी ने संबंधित अधिकारियों को टीओपी में आवश्यक संसाधन एवं अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया. इसके बाद उन्होंने करमाटांड़ थाना का औचक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्था, साफ-सफाई एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की.
निरीक्षण के उपरांत एसपी ने थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पर्व-त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र में चौकसी बढ़ाने, लगातार गश्ती अभियान चलाने तथा आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा, नारायणपुर प्रभाग के पुलिस निरीक्षक रविंद्र नाथ यादव, नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन एवं करमाटांड़ थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे.
एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि बकरीद के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए. साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक खबर फैलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने एवं संयुक्त आदेश के तहत की गई प्रतिनियुक्ति का सख्ती से पालन करने को कहा गया.
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित रहकर पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि बकरीद पर्व शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



