सरायकेला: जिले के कुकड़ू प्रखंड में सोमवार को विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया. जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के नेतृत्व में जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई.

कार्यक्रम की शुरुआत अपराह्न 3:00 बजे चौड़ा गांव से हुई, जहां पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. इसके बाद 3:30 बजे ग्राम दारुदा (लेटेमदा) सहित अन्य गांवों में कई योजनाओं का शिलान्यास किया गया. इन योजनाओं के तहत ग्राम दारुदा के बड़ासांगा तालाब में स्नान घाट निर्माण, ग्राम रूपरू में डीप बोरिंग सह नाली निर्माण, ग्राम सिरूम में शहीद अजीत धनंजय महतो चौक पर चापाकल सह जल मीनार निर्माण, ग्राम सिरकाडीह के हरिजन टोला में गार्डवाल निर्माण, ग्राम बुरूडीह में गणेश पूजा स्थल पर चबूतरा निर्माण तथा ग्राम हेसालांग में तालाब पर स्नान घाट निर्माण शामिल हैं.

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो, मुखिया इंद्रजीत सिंह मुंडा, पहाड़ सिंह मुंडा, ग्राम प्रधान हिमांशु कुमार महतो सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी भाग लिया.
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर सड़क, पानी और अन्य सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी.

