सरायकेला: शहरी क्षेत्र में “आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार” कार्यक्रम की स्थिति बेहद खराब दिखाई दे रही है. आम लोगों की शिकायतों के बाद नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मंगलवार को वार्ड संख्या 5 के शिविर में पहुंचे. उन्होंने देखा कि शिविर में जनता नदारद है और सिर्फ कुछ कर्मी औपचारिकता निभाते नजर आए. इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की.

उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य आम जनता को घर- घर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन शहरी शिविरों में केवल कोरम पूरा किया जा रहा है. शिविरों में कोई जिम्मेवार अधिकारी मौजूद नहीं रहते, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है. अधिकांश लोग बिना समाधान के वापस लौट रहे हैं और कई जगहों पर ऑन- द- स्पॉट निस्तारण नहीं हो रहा है. वृद्धा, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन, जाति- आय प्रमाण पत्र, जन्म- मृत्यु प्रमाण पत्र समेत कई सेवाएं शिविर में उपलब्ध होनी चाहिए, लेकिन जमीन पर तस्वीर बिल्कुल अलग है.
मनोज चौधरी ने बताया कि मैया सम्मान योजना के आवेदन ऑफलाइन लिए जा रहे हैं, जबकि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पूरा प्रोसेस ऑनलाइन होना चाहिए. बिजली से जुड़े मामलों और जमीन- जमाबंदी एवं भू- मापी संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए भी कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है. उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सरकार की यह योजना शहरी क्षेत्र में पूरी तरह फेल साबित हो जाएगी.

