
सरायकेला: जामवंती डेरी फार्म हाउस में गुरुवार को एक गिर- पोंगनुरु नस्ल की गाय ने स्वस्थ बछिया को जन्म दिया. बछिया के जन्म के बाद फार्म हाउस में खुशी का माहौल है, लेकिन उसकी अनोखी पूंछ लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है.


डेरी फार्म के संचालक एवं समाजसेवी राजेश साहू ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले राजस्थान के गंगानगर से उच्च नस्ल की गाय लाई गई थी और वैज्ञानिक पद्धति से उसका कृत्रिम गर्भाधान कराया गया था. गुरुवार सुबह गाय ने एक स्वस्थ बछिया को जन्म दिया.
बछिया की पूंछ सामान्य बछड़ों से अलग दिखाई देने के कारण उसे देखने के लिए आसपास के गांवों और शहर से लोग फार्म हाउस पहुंच रहे हैं. लोग बछिया के साथ तस्वीरें भी खिंचवा रहे हैं.
राजेश साहू ने कहा कि उन्नत नस्ल के संरक्षण और आधुनिक पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह प्रयास किया गया है. वहीं पशुपालन विशेषज्ञों का मानना है कि कई बार आनुवंशिक या प्राकृतिक कारणों से नवजात पशुओं में ऐसी विशेषताएं देखने को मिलती हैं.
प्रमोद सिंह
संपादक






