सरायकेला/ Pramod Singh जिले में शनिवार को दो अलग-अलग रेल हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. दोनों ही मामलों में पुलिस जांच में जुट गई है. पहली घटना सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलेबिरा रेलवे पुलिया के पास की है, जहां रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान 29 वर्षीय सुधीर कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो जसीडीह, देवघर के निवासी थे.

मिली जानकारी के अनुसार, सुधीर कुमार सिंह राजकोट से जमशेदपुर आ रहे थे. इसी दौरान कोलेबिरा पुलिया के समीप ट्रेन से गिर जाने के कारण उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है. उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव सौंप दिया जाएगा.
वहीं दूसरी घटना सरायकेला थाना क्षेत्र के सीनी ओपी क्षेत्र के कमलपुर की है, जहां रेलवे लाइन पार करने के दौरान एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया. इस हादसे में 50 वर्षीय परवेज अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि परवेज अंसारी सुबह के समय रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी अचानक ट्रेन आ जाने से वे उसकी चपेट में आ गए. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही सीनी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है.

