
सरायकेला: जिले की सड़कों पर लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को राजनगर- चाईबासा मुख्य मार्ग स्थित राजनगर थाना के समीप ट्रैफिक पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ- साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई.


जांच अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर ड्राइविंग लाइसेंस. वाहन के आवश्यक दस्तावेज तथा यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की. साथ ही संदिग्ध वाहन चालकों का ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से अल्कोहल टेस्ट भी किया गया.
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उनका कहना था कि नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में डाल देता है. ऐसे मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लोगों से की गई अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि शराब या किसी भी प्रकार का नशा करने के बाद वाहन बिल्कुल न चलाएं. हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें. इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों की जान सुरक्षित रहेगी.
स्थानीय लोगों ने किया स्वागत
स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की नियमित जांच से लापरवाह और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगेगा. इससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर भविष्य में भी इस तरह के विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे. साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की गई.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





