सरायकेला/ Pramod Singh जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में शनिवार को टच रग्बी को लेकर एक अहम पहल की गई. टच रग्बी एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2026 में इस खेल के विस्तार और नई प्रतिभाओं को जोड़ने की रूपरेखा तैयार की गई.

कार्यक्रम में एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि टच रग्बी एक उभरता हुआ खेल है, जिसे स्कूल और कॉलेज स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. इसी क्रम में सरायकेला के एनार गवर्नमेंट स्कूल में खिलाड़ियों के चयन और प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा.
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे. साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कैंप लगाकर युवाओं को इस खेल के प्रति जागरूक किया जाएगा. एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस पहल से सरायकेला के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा और भविष्य में वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे.
इस मौके पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि टच रग्बी जैसे नए खेलों को बढ़ावा देना समय की जरूरत है. इससे युवाओं को नई दिशा मिलेगी और वे खेल के माध्यम से अपना भविष्य संवार सकेंगे. उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर पंचायत की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा.
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग, कोच और खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने इसे खेल जगत के लिए एक सकारात्मक शुरुआत बताया.

