सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत रुगड़ी साइ में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आसमानी बिजली गिरने से 21 वर्षीय श्याम हेंब्रम की मौके पर ही मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6 बजे श्याम हेंब्रम अपने घर में सो रहा था. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ अचानक आसमानी बिजली गिरी और उसकी चपेट में आकर उसकी जान चली गई. घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि परिजन कुछ समझ ही नहीं सके.

बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजन उसे रात करीब 10 बजे सदर अस्पताल सरायकेला लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल से लौटने के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को अपने घर ले गए. शुक्रवार को जब घटना की जानकारी सरायकेला थाना पुलिस को मिली, तो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है.

