
सरायकेला: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपई सोरेन तथा खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने अपने परिवार के पात्र सदस्यों के साथ एन्यूमरेशन (Enumeration) फॉर्म भरकर संबंधित BLO को सौंपा.


इस अवसर पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), BLO सुपरवाइजर तथा संबंधित BLO भी उपस्थित रहे. दोनों जनप्रतिनिधियों ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे 29 जुलाई 2026 की निर्धारित समय- सीमा के भीतर अपना तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित BLO के पास जमा करें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें.
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन एवं शुद्धीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. प्रत्येक पात्र मतदाता का इस अभियान में शामिल होना आवश्यक है. सही और अद्यतन मतदाता सूची से प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का निर्बाध रूप से उपयोग कर सकेगा.
दोनों विधायकों ने लोगों से अपने परिवार के साथ-साथ पड़ोस और आसपास के पात्र मतदाताओं को भी जागरूक करने की अपील की. ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो सके.
मतदाताओं के लिए अपील
निर्वाचन विभाग ने भी सभी मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय के भीतर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं. समय पर प्रक्रिया पूरी करने से मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकेगा.
Edited By Sarita Mahato





