
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बुधवार को राजनगर थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों की स्थिति तथा अपराध नियंत्रण की समीक्षा की. इसके बाद उन्होंने राजनगर थाना क्षेत्र के चाईबासा मार्ग स्थित रौला-खैरबनी में हाल ही में हुए भीषण सड़क दुर्घटना स्थल का भी निरीक्षण किया.


थाना निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, वारंटों के निष्पादन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया.
इसके बाद पुलिस अधीक्षक सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे के घटनास्थल रौला-खैरबनी पहुंचे. वहां उन्होंने दुर्घटना के कारणों, सड़क की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए.

घटनास्थल का जायजा लेते एसपी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा. साथ ही वाहन चालकों और आम लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक होना होगा. उन्होंने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और नशे में वाहन नहीं चलाने जैसे नियमों का पालन करने से बड़ी संख्या में दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है.
स्थानीय लोगों ने की सराहना
दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक द्वारा हालात का जायजा लेने और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाने की स्थानीय लोगों ने सराहना की. लोगों ने उम्मीद जताई कि पुलिस और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी. विशेषज्ञों का मानना है कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड लिमिट बोर्ड, रिफ्लेक्टर, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, नियमित ट्रैफिक निगरानी और समय-समय पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाए जाने से सड़क हादसों में प्रभावी कमी लाई जा सकती है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





