
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुद्वारा रोड में बुधवार को प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल और शब्बे नामक युवक एक ही युवती से बातचीत करते थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. बुधवार को गुरुद्वारा रोड में राहुल के पहुंचने पर शब्बे अपने करीब 10 से 15 साथियों के साथ वहां पहुंचा और राहुल पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. हमले के दौरान राहुल को गोली भी मारी गई.
गंभीर रूप से घायल राहुल को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने में लग गई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. वहीं घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है. हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
Edited By Sarita Mahato





