सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए बुधवार को बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया. इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-345, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की.



निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ एवं बीएलए-2 से अब तक प्राप्त गणना प्रपत्रों, उनके डिजिटाइजेशन की स्थिति तथा लंबित कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि शेष सभी गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा प्रत्येक प्रविष्टि का सावधानीपूर्वक सत्यापन कर कार्य को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाया जाए.

उपायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.
जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ- बीएलए- 2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला का निरीक्षण संबंधित निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों (AERO) तथा प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों ने भी किया. इस दौरान बीएलओ एवं बीएलए-2 को गणना प्रपत्रों के समयबद्ध डिजिटाइजेशन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए.

निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारी (AERO)- सह- अंचल अधिकारी अमित श्रीवास्तव, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए-2 सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.





