जामताड़ा: सदर अस्पताल में रेफर प्रसूता रीना देवी की मौत के बाद अस्पताल में हुई तोड़फोड़ के मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण समेत आठ लोगों पर दर्ज प्राथमिकी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. पार्टी ने 31 जुलाई को जामताड़ा जिला मुख्यालय के महाघेराव का ऐलान करते हुए करीब 50 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया है.



भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के दबाव में झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है. उन्होंने कहा कि प्रसूता और नवजात की मौत के मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि भाजपा नेताओं के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दी गई.
सुनील सोरेन ने नारायणपुर अस्पताल में डॉक्टर के साथ हुई मारपीट की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस मामले में भी समान कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया.
उन्होंने घोषणा की कि झारखंड भाजपा के आह्वान पर 31 जुलाई को जामताड़ा जिला मुख्यालय का महाघेराव किया जाएगा. उनके अनुसार संथाल परगना सहित राज्य के विभिन्न जिलों से करीब 50 हजार भाजपा कार्यकर्ता इस आंदोलन में शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, अर्जुन मुंडा समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है.
पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा कि किसी प्रसूता और नवजात की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलना जनप्रतिनिधियों का संवैधानिक अधिकार है. उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी.
भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने भी आरोप लगाया कि जामताड़ा पुलिस मंत्री के दबाव में कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि संथाल परगना के अलावा धनबाद और गिरिडीह से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता महाघेराव में शामिल होंगे.
प्रेस वार्ता में सुनील कुमार हांसदा, मोहन शर्मा, महेंद्र मंडल, मितेश साह, आभा आर्या, सुजाता भैया, अभय सिंह, दिलीप हेम्ब्रम, राजेंद्र राउत, राम सिंह यादव सहित पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





