सरायकेला: जिले के सीनी पदमपुर निवासी अंजलि के लापता होने के मामले में सीनी ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर अंजलि को चेन्नई से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया.

जानकारी के अनुसार अंजलि 6 मई को घर से नाराज होकर अपनी एक सहेली के साथ बिना किसी को बताए चेन्नई चली गई थी. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने सीनी ओपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी.
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने तकनीकी जांच शुरू कराई. मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को अंजलि के चेन्नई में होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया.
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि अंजलि परिवार से नाराज होकर अपनी सहेली के साथ चेन्नई चली गई थी, जहां वह एक कंपनी में काम कर रही थी. पुलिस ने उसे सुरक्षित वापस लाकर उसके परिवार को सौंप दिया है. अंजलि के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



