सरायकेला/ Pramod Singh

शिवरात्रि के पावन अवसर पर दिवानसाही में भगवान शिव के भव्य पंडाल का विधिवत उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी ने रविवार को फीता काटकर किया. इस दौरान वे मंत्रोच्चारण के साथ पंडाल में प्रवेश किए और विधि- विधान से पूजा-अर्चना कर भोले बाबा को मत्था टेका.
उद्घाटन के मौके पर मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि भगवान शिव की कृपा से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है. उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख- समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की. साथ ही भरोसा दिलाया कि वे निरंतर क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए कार्य करते रहेंगे.
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव की पूजा- अर्चना से मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. उन्होंने लोगों से नियमित पूजा- पाठ और आध्यात्मिक जुड़ाव बनाए रखने की अपील की.
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. लोगों ने उनका स्वागत किया और समर्थन में नारे लगाए. पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और शिवभक्ति के जयकारों से माहौल गूंज उठा.

