सरायकेला/ Pramod Singh अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार संवैया ने शुक्रवार को राजनगर थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. इस दौरान थाना के अभिलेखों, लंबित मामलों की स्थिति और परिसर के रखरखाव की गहन समीक्षा की गई.


निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने केस डायरी और लंबित मामलों के अनुसंधान पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जांच कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
उन्होंने वारंटियों और फरार आरोपियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे. थाना परिसर की साफ- सफाई और रखरखाव को लेकर उन्होंने संतोष जताया, साथ ही रिकॉर्ड संधारण को और बेहतर बनाने पर जोर दिया.
इस मौके पर थाना प्रभारी बिपुल ओझा ने थाना की कार्यप्रणाली और लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी दी. उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
एसडीपीओ समीर कुमार संवैया ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना प्राथमिकता है और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन व वारंटियों की गिरफ्तारी हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी.

