सरायकेला: दुर्गापूजा को लेकर सरायकेला अनुमंडल प्रशासन ने सुरक्षा, शांति और विधि-व्यवस्था को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है. अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक में डीजे के इस्तेमाल से लेकर साफ-सफाई, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था तक कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई.


एसडीओ अभिनव प्रकाश ने स्पष्ट किया कि सरकार की निर्धारित गाइडलाइन के विपरीत डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी. नियमों का उल्लंघन करने वाली पूजा समितियों या संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि दशहरा आस्था, श्रद्धा और भाईचारे का पर्व है. प्रशासन का उद्देश्य पर्व में बाधा डालना नहीं, बल्कि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न कराना है. उन्होंने पूजा समितियों और आम लोगों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की.
बैठक में सभी पूजा समितियों को अपने पंडाल से संबंधित आवश्यक विवरण जल्द अनुमंडल कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया. इससे सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था की तैयारी समय रहते पूरी की जा सकेगी.
सफाई और बिजली व्यवस्था पर भी जोर
नगर पंचायत सरायकेला को पूजा के दौरान विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. वहीं बिजली विभाग को पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में कटे-फटे तथा पुराने तारों की जांच कर आवश्यक मरम्मत और बदलाव करने को कहा गया, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके.
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह सहित शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे. प्रशासन ने पूजा समितियों से स्पष्ट कहा है कि पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन नियमों की अनदेखी न करें.
प्रमोद सिंह (संपादक)

