सरायकेला: तीन महीने से बकाया वेतन के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए सरायकेला नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने उपाध्यक्ष अविनाश कवि के आश्वासन के बाद फिलहाल हड़ताल स्थगित कर दी है. सफाई कर्मी काम पर लौट गए हैं, लेकिन बुधवार तक वेतन भुगतान नहीं होने पर गुरुवार से दोबारा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है.


सफाई कर्मियों के अनुसार उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने बुधवार तक बकाया वेतन के भुगतान का प्रयास करने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि यदि बुधवार तक भुगतान नहीं हुआ तो गुरुवार से वे स्वयं सफाई कर्मियों के साथ धरने पर बैठेंगे.
तीन महीने से वेतन का इंतजार कर रहे कर्मियों का कहना है कि उन्हें लगातार आश्वासन मिलते रहे हैं. इस बार उपाध्यक्ष के भरोसे पर उन्होंने काम शुरू करने का निर्णय लिया है. हालांकि भुगतान नहीं होने की स्थिति में गुरुवार से फिर हड़ताल की जाएगी.
अब बुधवार को होने वाला वेतन भुगतान तय करेगा कि नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था सामान्य बनी रहती है या सफाई कर्मी एक बार फिर आंदोलन की राह पकड़ते हैं.

