इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
सरायकेला: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों में देशप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सखी वन स्टॉप सेंटर, सरायकेला परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ सप्ताह के तहत चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. महिला एवं बाल विकास विभाग, सरायकेला-खरसावां के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उतारा.
प्रतियोगिता में बच्चों ने तिरंगा, भारत का मानचित्र और देशभक्ति से जुड़े विभिन्न प्रतीकों को अपनी चित्रकारी में स्थान दिया. उनकी कलाकृतियों में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति सम्मान की भावना साफ दिखाई दी. प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बना.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर ने बच्चों की बनाई कलाकृतियों का अवलोकन किया. उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को देश के इतिहास, राष्ट्रीय प्रतीकों और स्वतंत्रता दिवस के महत्व से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं.
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया. पुरस्कार मिलने पर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई और अन्य प्रतिभागियों में भी उत्साह बढ़ा.
कार्यक्रम का संचालन सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक श्रीमती पूर्णिमा नायक और चाइल्ड हेल्पलाइन से श्रीमती कविता मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े संदेशों की जानकारी दी गई.
कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मियों के अलावा स्थानीय ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे. आयोजन के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ स्वतंत्रता दिवस को रचनात्मक और सार्थक तरीके से मनाने का संदेश भी दिया गया.