सरायकेला/ Pramod Singh सदर अस्पताल सरायकेला के ग्राउंड फ्लोर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इमरजेंसी वार्ड के समीप लगे बिजली के बोर्ड में अचानक आग लग गई. आग लगते ही अस्पताल परिसर में हो-हल्ला शुरू हो गया. सूचना मिलते ही इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर आयुष बंका मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए अस्पताल में मौजूद अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल कर आग को तुरंत काबू में कर लिया. उनकी सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया.

इसके बाद डॉक्टर बंका ने घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधक और आउटसोर्सिंग सुपरवाइजर को दी. आउटसोर्सिंग सुपरवाइजर उमेश मंडल बिजली मिस्त्री के साथ मौके पर पहुंचे और बिजली के मेन स्विच को बंद करवाकर बोर्ड की मरम्मत कराई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले बोर्ड में आवाज के साथ चिंगारी निकली और फिर अचानक आग पकड़ ली.

सदर अस्पताल सरायकेला में एक वर्ष पूर्व नया वायरिंग किया गया था. शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद वायरिंग की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. अस्पताल में चल रहे मरम्मती कार्यों पर भी अब प्रश्नचिन्ह लग गया है. शॉर्ट सर्किट से लगभग 25 मिनट तक सदर अस्पताल अंधेरे में रहा.


