चांडिल/ Vikash Thakur प्रखंड के कुकड़ू अंतर्गत चौकेगाड़िया स्थित कुकड़ू फुटबॉल मैदान में आयोजित दो दिवसीय आंचलिक फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य शुभारंभ किया गया. उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे.


प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी खगेन महतो एवं मंगल सिंह मुंडा के द्वारा किया गया. इस अवसर पर कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिभा वाला सिंह पातर, समाजसेवी निरंजन महतो, भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत चंद्र महतो, वरिष्ठ पत्रकार अरुण माझी, प्रदीप कुमार साहू, झारखंड मुक्ति मोर्चा कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो, अजित सिंह मुंडा, मनोज मछुआ एवं आजसू प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो विशेष रूप से मौजूद रहे.
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया.

अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है. ग्रामीण स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं. प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा गया. दूर- दराज के क्षेत्रों से आई टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जबकि दर्शकों से मैदान खचाखच भरा रहा.
आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम के लिए एक लाख रुपए, उपविजेता टीम के लिए 75 हजार रुपए तथा तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को 40- 40 हजार रुपए पुरस्कार देने की घोषणा की गई है. आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन रविवार शाम फाइनल मुकाबले के बाद किया जाएगा, जहां विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा.

![]()
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कुकड़ू आंचल फुटबॉल कमेटी एवं स्थानीय खेल प्रेमियों की अहम भूमिका रही है. समिति ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही.

