सरायकेला: थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक और तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब एक बेलगाम कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक नाबालिग समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों की पहचान दुबराज महतो (46), सूरज बानरा (20), विजय हांसदा (22) और अमर मुंडा (15) के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार, दुबराज महतो स्कूटी से नदी की ओर जा रहे थे, जबकि बाकी तीन युवक घूमने के लिए डुमरडीहा की तरफ निकले थे. इसी दौरान राजनगर से सरायकेला की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने पहले स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी और फिर तीनों युवकों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तितिरबिला के पास वाहन को पकड़ लिया और चालक को हिरासत में ले लिया.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
यह घटना एक बार फिर सड़क पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े करती है. आखिर कब तक तेज रफ्तार यूं ही लोगों की जान पर भारी पड़ती रहेगी.

