सरायकेला/ Pramod Singh थाना अंतर्गत सरायकेला- चाईबासा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 7 बजे छोटाटांगरानी के पास एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी चालक 70 वर्षीय संतोष कुमार अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़े और उन्हें सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया.
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया. फिलहाल उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चालक की पहचान तथा जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया में जुटी है.

