सरायकेला: सरायकेला की सड़कों पर सफर करना क्या अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है. एक ओर सड़क हादसों में नौजवानों की जिंदगी खत्म हो रही है, तो दूसरी ओर सड़कों की बदहाली और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. गुरुवार को जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो नौजवानों की मौत से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर चंद्रपुर के समीप ड्यूटी से घर लौट रहे 19 वर्षीय शेख तोहिद की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई.


हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया. सवाल यह है कि आखिर सड़क हादसों की इस कड़ी पर रोक कब लगेगी और जिम्मेदार व्यवस्था कब जागेगी.
सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर चंद्रपुर के समीप गुरुवार शाम करीब 7 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मृतक की पहचान सरायकेला थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी ताहिर अंसारी के 19 वर्षीय पुत्र शेख तोहिद के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, शेख तोहिद बालीगुमा स्थित एक कंपनी में काम करता था. गुरुवार शाम ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान चंद्रपुर के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा.
सूचना मिलने पर सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया.
पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान करने और उसके चालक का पता लगाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है.
शेख तोहिद अपने माता-पिता की तीन संतानों में दूसरे स्थान पर था. कम उम्र में ही वह कंपनी में काम करके अपने पिता को परिवार चलाने में मदद करता था. परिवार को उससे कई उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क हादसे ने उन उम्मीदों को हमेशा के लिए छीन लिया.
जिस बेटे के घर लौटने का इंतजार परिवार कर रहा था, वहां उसकी मौत की खबर पहुंचते ही मातम पसर गया. युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
एक दिन में दो नौजवानों की मौत, आखिर कब जागेगा प्रशासन
सरायकेला में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गुरुवार को पहली घटना सरायकेला बाईपास के समीप हुई, जहां टेलर की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, दूसरी घटना चंद्रपुर के समीप हुई, जिसमें शेख तोहिद की जान चली गई.
इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सड़क पर बने गड्ढे भी वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकते हैं. ऐसे में जरूरी है कि दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों की पहचान कर सड़कों की मरम्मत, यातायात नियमों का सख्ती से पालन और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए.
आखिर कब तक सड़क हादसों में घरों के चिराग बुझते रहेंगे. सड़क के गड्ढे कब तक लोगों को मौत के मुंह में धकेलते रहेंगे. प्रशासन को इन सवालों का जवाब कार्रवाई के जरिए देना होगा, ताकि किसी दूसरे परिवार को अपने बेटे की अर्थी न उठानी पड़े.
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए सड़क जाम हटवाया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने और उसके चालक का पता लगाने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

