सरायकेला: जिले के आरआईटी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की है. इस संबंध में आरआईटी थाना कांड संख्या-34/26, दिनांक 23 जुलाई 2026, बीएनएस की धारा 317(4), 317(5) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है.



आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने गुरुवार को बताया कि 22 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर कुलुपटांगा फुटबॉल मैदान के पास छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू लोहार (23 वर्ष), निवासी बनतानगर पीएचडी रोड, वासुदेव लागुरी (22 वर्ष), निवासी बंतानगर पानी टंकी तथा आदित्य राज (21 वर्ष), निवासी बाबा आश्रम, थाना आरआईटी, जिला सरायकेला- खरसावां के रूप में हुई है.
पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं. थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है. राजू लोहार के विरुद्ध वर्ष 2023 में चोरी का मामला दर्ज है. वासुदेव लागुरी पर डकैती और चोरी से संबंधित मामला दर्ज है, जबकि आदित्य राज के विरुद्ध पूर्व में मारपीट एवं अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हो चुका है. उन्होंने बताया कि वाहन चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है. पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.





